जांजगीर-चांपा(एचकेपी 24 न्यूज)।जिले के नये कलेक्टर श्री जे.पी. पाठक ने कहा है कि जिला प्रशासन के प्रति आशा और विश्वास करते हुए आम लोगों द्वारा अपने विभिन्न मांगों के संबंध में आवेदन पत्र दिये जाते हैं। आम लोगों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों को गंभीरता से लेना होगा और आवेदन पत्रों का सकारात्मक निराकरण भी करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता बरतने वालों के लिए सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री पाठक आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित अपने प्रथम सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास और निर्माण कार्यो की एक-एक बिन्दुओं का विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधितों को सख्त निर्देश दिये।बैठक में नये कलेक्टर श्री पाठक ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा निर्वाचन का कार्य पूर्ण हो गया है। अब शासकीय कार्यो के संपादन का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने अधिकारियों को शासकीय कार्यो के संपादन पूरी निष्ठा और लगन के साथ करने के निर्देश दिये। ताकि पात्र लोगों को शासकीय योजाओं का लाभ दिया जा सके। बैठक मे उन्होंने कहा कि शून्य से पांच वर्ष आयु समुह के बच्चों का आधार कार्ड आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बनाये जा रहे है। लेकिन अब तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आधार कार्ड नहीं बनने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और लक्ष्य के अनुरूप आधार कार्ड बनाने के निर्देश दिये। बैठक में नये कलेक्टर श्री पाठक ने कहा कि जिले में खरीफ फसल हेतु किसानों द्वारा खेती-किसानी का कार्य शुरू कर दिया गया है। खेती-किसानी के लिए जिले के सभी पात्र किसानों ऋण राशि एवं खाद-बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों को खाद-बीज और ऋण राशि वितरण में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसानों को निर्धारित अवधि में खाद-बीज और ऋण राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आम लोगों द्वारा जरूरी प्रमाण पत्र संबंधितों को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध होनी चाहिए। इसमे किसी भी प्रकार की बहानेबाजी क्षम्य नहीं होगी। बैठक में नये कलेक्टर श्री पाठक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। जिले के विकासखण्ड सक्ती के नंदौरखुर्द और विकासखण्ड मुख्यालय डभरा मंे 50-50 लाख रूपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम की स्वीकृति दी गई है। उन्हांेने मिनी खेल स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन और चिन्हांकित भूमि का दस्तावेज प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।बैठक में उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए जारी जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र की जानकारी प्राप्त की और आगामी शिक्षा सत्र के लिए जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र जारी करने हेतु आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने भू-अर्जन तथा मितानिनों के प्रोत्साहन राशि वितरण के लंबित प्रकरणों की भी जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित और निर्माणाधीन आवासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माणाधीन आवासो की लंबित राशि नियमानुसार हितग्राहियों को यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्धारित अवधि मे उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसी तरह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की भी जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर एवं चांपा अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री राहुल देव, अपर कलेक्टर ए.के. घृतलहरे, सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित थे।
HKP24News Online News Portal