Breaking News

श्रीनगर-एलओसी पर रातभर विमानों की गश्त,आर्मी ने पाक की 5 चौकियां की तबाह ,कई पाक सैनिक मरे

श्रीनगर(एचकेपी 24 न्यूज)। पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना के हवाई हमले से बौखलाई पाकिस्तानी सेना कश्मीर में एलओसी पर 12 जगह फायरिंग कर रही है। जवाब में देर रात भारतीय सेना ने पाक की पांच चौकियां तबाह कर दीं। उसके कई सैनिक मारे गए। भारत के 5 सैनिक जख्मी हुए। पुलवामा हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने मंगलवार तड़के पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमला कर जैश के कई ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसमें 350 आतंकी मारे गए थे।

पाक सेना ने गांव वालों को ढाल बनाया
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने बारामूला, पुंछ, राजौरी, नौशेरा और अखनूर सेक्टर में मोर्टार दागे। पाक सैनिक गांववालों को ढाल बनाकर फायरिंग कर रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए एलओसी से सटे गांवों में आज स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। भारतीय वायुसेना के विमान कश्मीर में सीमा पर चौकसी बरत रहे हैं।

इमरान ने आपात बैठक बुलाई

भारतीय कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान ने आज परमाणु हथियारों की देखरेख करने वाली नेशनल कमांड अथॉरिटी की बैठक बुलाई है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र भी बुलाया है।

शोपियां में मुठभेड़, 3 आतंकी घेरे गए

कश्मीर में शोपियां के मिमेंदर में सुरक्षाबलों की आतंकियों से बुधवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ खत्म हो गई है। अब सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यहां एक घर में तीन आतंकियों के छिपे होने खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की थी।

अमेरिका ने पाक पर दबाव बनाया

भारतीय वायुसेना की बालाकोट में की गई कार्रवाई को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पाक विदेश मंत्री शाह मेहमूद कुरैशी से बात की है। उनसे कहा है कि सैन्य कार्रवाई से बचने और मौजूदा तनाव को कम करने को प्राथमिकता दी जाए। पाक उसकी जमीन पर मौजूद आतंकी गुटों पर तत्काल कार्रवाई करे।’’

भारत ने जैश का सबसे बड़ा कैम्प तबाह किया

पुलवामा हमले के 13वें दिन भारतीय वायुसेना ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई की। मंगलवार तड़के 3:45 बजे मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने पाक की सीमा में हमला किया। 12 मिराज विमानों ने कुल 1000 किलो भार वाले लेजर गाइडेड छह बम गिराए। इस हमले में जैश का सबसे बड़ा कैम्प तबाह कर दिया गया। 350 आतंकी मारे गए। इनमें 25 ट्रेनर थे। भारत ने पूरी कार्रवाई को सिर्फ 21 मिनट में अंजाम दिया। हमले वाली जगह एलओसी से करीब 50 किलोमीटर दूर है। 14 फरवरी को पुलवामा फिदायीन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। जैश-ए-मोहम्मद ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

चीन के सामने पुलवामा हमले का मुद्दा उठाया
भारत-चीन और रूस के विदेश मंत्रियों की सोलहवीं बैठक चीन के वुझेन में चल रही है। इसमें सुषमा स्वराज ने चीन के समकक्ष वांग यी के सामने पुलवामा हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे कायराना आतंकी हमले सभी देशों को आगाह करने वाले हैं। इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस दिखाने और निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

डभरा:- निर्धारित समय हो जाने के पश्चात् शनिवार 07 मार्च 2026 को सुबह 07.40 बजे शासकीय नवीन प्राथमिक शाला भर्रीभांठा फरसवानी,07.45 बजे एक ही परिसर मे संचालित होने वाले शासकीय नवीन प्राथमिक शाला फरसवानी शासकीय जनपद प्राथमिक शाला फरसवानी एवं शासकीय पूर्व प्राथमिक शाला का हिन्देश एजुकेशन एण्ड वेलफेयर फाउण्डेशन टीम को संचालन नही किए जाने मिलने पर मनमानी एवं लापरवाही कार्य शैली अपनाने वाले प्रधान पाठक सह सहयोगी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर व्यवस्था मे सुधार लाने नियमानुसार उचित कार्यवाही करने जिला एवं ब्लॉक स्तर के शिक्षा विभाग का अधिकारियो को लिखा जा रहा पत्र…

🔊 Listen to this